समाजवादी पार्टी के नया नारा “प्रबल इंजन, सपा का विजन” पर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने शुक्रवार को बरेली सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सपा पर तीखा हमला बोला।
संजय निषाद ने तंज कसते हुए कहा, “अगर इंजन सही होता तो लोग उसमें से क्यों उतरते?” उन्होंने कहा कि सपा का इंजन खराब हो चुका है, इसलिए उसके नेता और कार्यकर्ता एक-एक करके पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी को जनता से कट चुकी पार्टी बताते हुए कहा कि लोग अब सपा के भ्रमजाल में नहीं आने वाले।
निषाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से कायम है। “मुख्यमंत्री योगी की सरकार में अब तक कोई दंगा नहीं हुआ, यह इस बात का सबूत है कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज मजबूत हुआ है।”
उन्होंने दावा किया कि बिहार में भी एनडीए सरकार बनने जा रही है, जहां विकास का इंजन पूरी रफ्तार से दौड़ेगा। संजय निषाद ने कहा, “एनडीए ही देश को आगे बढ़ाने वाला असली इंजन है, बाकी सब दिखावा कर रहे हैं। देश संविधान से चलता है, शरियत से नहीं।” इस बयान के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “हलाल” वाले बयान का भी समर्थन किया।
गौरतलब है कि हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के जन्मदिन पर लखनऊ में “प्रबल इंजन, सपा का विजन” वाला नया स्लोगन लॉन्च किया गया था। तब से ही विपक्षी दलों ने इस नारे को लेकर सपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। संजय निषाद के इस बयान ने प्रदेश की सियासत में एक बार फिर सपा बनाम एनडीए की बहस को तेज कर दिया है।