जागरण टुडे बरेली। आत्मनिर्भर भारत युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने युवाओं से स्वदेशी अपनाने पर विशेष जोर दिया। भारत में बनी चीजों को इस्तेमाल करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, आज दूसरे देश भारत से रक्षा उपकरण खरीद रहे हैं, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था और मजबूत हो रही है। भारत आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है। स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना होगा, जिससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ आयात पर निर्भरता कम हो सके। साथ ही कहा, जब हम स्वदेशी अपनाते हैं तो निश्चित रूप से अपनी मिट्टी से जुड़ने का अनुभव करते हैं।
भाजयुमो बरेली ने अटल सभागार में आयोजित किया आत्मनिर्भर भारत युवा सम्मेलन
भाजयुमो बरेली की ओर से रोहिलखंड विश्वविद्यालय के अटल सभागार में मंगलवार को आयोजित सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भारत को आत्मनिर्भर कैसे बनाएं और युवाओं का इसमें क्या योगदान रहेगा, इस पर विस्तार से जानकारी दी। कहा कि हम सभी को उन वस्तुओं का इस्तेमाल करना चाहिए, जिनको बनाने में भारत के लोगों का श्रम लगा है। हम सभी को ऐसा भारत बनाना है, जो अपने बाजार के साथ-साथ दुनिया के बाजारों को भी नियंत्रित कर सके।
नौजवानों को अपने व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा देना होगा
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यह जन जागरूकता अभियान है। पार्टी ने बड़े स्तर पर युवा सम्मेलन, महिला सम्मेलन व किसान सम्मेलन के माध्यम से और घर-घर जागरूक करके इस अभियान को आगे बढ़ने का निर्णय लिया है। नौजवानों को अपने व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा देना होगा। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीन दयाल के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, सांसद छत्रपाल गंगवार, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य, मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, कुंवर महाराज सिंह, पवन शर्मा, नीरेंद्र सिंह राठौर, मुकेश राजपूत, अंकित मौर्य, वीरपाल गंगवार, डॉ. निर्भय गुर्जर, अजय सक्सेना, अभय चौहान, अंकित शुक्ला, राहुल साहू, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी, धर्म विजय गंगवार, रुद्र लक्ष्मीकांत अवस्थी, सूरज राठौड़, निशांत गंगवार, देवेंद्र तिवारी, अजय अरोड़ा, यशवंत चौधरी, अंकुश गुप्ता उपस्थित रहे।