Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News: बीईओ ने शराब पीने से मना किया तो टीचरों ने 10 लाख की रंगदारी मांगी, रिपोर्ट दर्ज

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 30, 2025

Bareilly News:  बीईओ ने शराब पीने से मना किया तो टीचरों ने 10 लाख की रंगदारी मांगी, रिपोर्ट दर्ज

जागरण टुडे, बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के घर पहुंचे दो अध्यापकों ने उनसे साथ बैठकर शराब पीने को कहा। बीईओ ने शराब पीने से इनकार कर दिया। इस पर आरोपी शिक्षकों ने उनका वीडियो और ऑडियो वायरल करने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। बीईओ की तहरीर पर पुलिस ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

जनपद बरेली के रामनगर ब्लॉक में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार के मुताबिक उनके घर प्राथमिक विद्यालय मझौआ में तैनात शिक्षक शुभम कुमार और राकेश कुमार अक्सर आते-जाते थे। इसके कारण परिवार के लोग उन दोनों को पहचानते थे। आरोप है कि एक दिन शाम को दोनों शराब लेकर उनके घर पहुंचे, और कहा कि साथ में बैठकर तीनों लोग शराब पीते हैं। विरोध करने पर शिक्षकों ने बिना सहमति छिपकर ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद दोबारा से फिर शराब पीने का दबाव बनाया, लेकिन साफ तौर पर मना करने पर उन्हें वही वीडियो और ऑडियो दिखा कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

इसके बाद आरोपी शिक्षक इन रिकॉर्डिंग को वायरल करने की धमकी देकर कभी 10 लाख रुपये तो कभी पांच लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने जातिसूचक गालियां देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया। बीईओ ने बताया कि सोमवार को समय से स्कूल न खोलने पर सहायक अध्यापक शुभम कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी हो चुकी है। इससे पहले भी उन पर कार्रवाई की जा चुकी है। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी सिटी मानुष पारीक से की। एसपी सिटी के आदेश पर दोनों शिक्षकों के खिलाफ सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है, जांच में मिले साक्ष्यों को आधार बना कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ चर्चा है कि विभागीय कार्रवाई को लेकर दोनों अध्यापक साठ-गांठ करने पहुंचे थे, लेकिन, सौदा सिरे न चढ़ने पर मामला दूसरी तरफ घूम गया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.