जनपद बरेली के फरदीपुर कस्बे में गौसगंज पुलिया के पास स्थित पराग मिल्क पार्लर में एक बार फिर से चोरी की वारदात हो गई। चोर दुकान की छत काटकर अंदर रखा सामान निकाल ले गए। पीड़ित दुकानदार सर्वेश गुप्ता ने फरीदपुर थाना पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार चोरी होने के बावजूद बृहस्पतिवार शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
फरीदुपुर इलाके के फर्खरपुर निवासी सर्वेश गुप्ता के अनुसार उनकी पराग मिल्क पार्लर की दुकान में बीते तीन वर्षों में छह बार चोरी हो चुकी है। मगर पुलिस अभी तक एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। सर्वेश के अनुसार रोजाना की तरह गुरुवार सुबह जब उन्होंने दुकान का शटर खोला तो अंदर रखा माल गायब था। दुकान की छत कटी हुई थी। सर्वेश के अनुसार दुकान की छत काटकर अंदर घुसे चोर नकदी और अन्य सामान ले गए।
सर्वेश ने बताया कि इससे पहले 29 अक्टूबर की रात उनकी दुकान के पीछे की लोहे की टीन गैस कटर से काटी गई थी, जिसके बाद हजारों रुपये का सामान चोरी हो गया था। दुकान में बार-बार चोरी की वारदात होने से वह आर्थिक रूप से टूट चुके हैं। सर्वेश के अनुसार उनकी दुकान में तीन साल में छह बार चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस एक बार भी चोरों को नहीं पकड़ पाई।
पीड़ित दुकानदार के अनुसार हर वारदात की शिकायत करने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस बार सूचना देने के बाद भी थाना फरीदपुर पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों में दहशत है, और पुलिस की निष्क्रियता से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।