Friday, January 30, 2026

Agra News: मातृभूमि की शक्ति, समृद्धि और दिव्यता का प्रतीक है वंदे मातरम

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: November 8, 2025

Agra News:  मातृभूमि की शक्ति, समृद्धि और दिव्यता का प्रतीक है वंदे मातरम

जागरण टुडे, आगरा

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगरा मंडल में शुक्रवार को भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गगन गोयल की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय सभागार में इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय मास सिंगिंग कार्यक्रम में लाइव लिंक के माध्यम से सहभागिता की गई।

इस अवसर पर मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को सशक्त रूप में व्यक्त किया गया। वर्ष 2025 में वंदे मातरम् गीत की रचना के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। यह अमर गीत महान साहित्यकार बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा 7 नवंबर 1875 को अक्षय नवमी के दिन रचा गया था। वंदे मातरम् पहली बार उनके उपन्यास आनंदमठ के एक अंश के रूप में साहित्यिक पत्रिका बंगदर्शन में प्रकाशित हुआ था। यह गीत मातृभूमि को शक्ति, समृद्धि और दिव्यता का प्रतीक बताता है तथा भारत की एकता, स्वाभिमान और देशभक्ति की भावना को काव्यात्मक रूप में अभिव्यक्त करता है।

मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे बोर्ड द्वारा आगरा मंडल के लिए नामित आगरा कैंट स्टेशन पर ‘वंदे मातरम् स्मरणोत्सव’ के तहत भव्य आयोजन हुआ। यहां यात्रियों, छात्रों और रेलवे कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को इस राष्ट्रीय गीत के ऐतिहासिक महत्व और प्रेरणादायक पृष्ठभूमि से जोड़ना है।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित समारोह में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में वंदे मातरम् के वर्षभर चलने वाले स्मरणोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर एक स्मारक डाक टिकट और विशेष स्मृति सिक्का भी जारी किया। यह आयोजन 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक चलेगा, जो इस कालजयी गीत की 150वीं वर्षगांठ को समर्पित है।

इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के साथ शाखा अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.