गाजियाबाद में तैनाती के दौरान महिला से दुष्कर्म और धोखे से विवाह करने के आरोप में कुंडरा कोठी पुलिस चौकी प्रभारी जयसिंह निगम को एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। गाजियाबाद में दर्ज मुकदमे के आधार पर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, उपनिरीक्षक जय सिंह निगम की तैनाती कुछ समय पहले तक गाजियाबाद के साहिबाबाद थाने में थी। उसी दौरान शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की एक महिला से उनकी जान-पहचान हुई। महिला ने बाद में आरोप लगाया कि जांच के दौरान दरोगा उसे बहाने से अलग-अलग स्थानों पर ले गया और कई बार दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि दरोगा ने खुद को अविवाहित बताते हुए मंदिर में उससे विवाह भी किया, लेकिन बाद में यह पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। विवाह के बाद भी उसने महिला को अपने साथ नहीं रखा।
महिला की शिकायत पर साहिबाबाद थाने में दुष्कर्म और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे की जानकारी बरेली पुलिस प्रशासन को मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई की।