जनपद बरेली के मीरगंज तहसील के गांव मनकरा निवासी एवं पूर्व प्रधान व समाज सेवी विशाल कुमार गंगवार ने शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे जिलाधिकारी अवनीश सिंह को प्रार्थना पत्र देकर क्षेत्र की गंभीर विद्युत समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि गांव हुरहुरी में नया 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र प्रस्तावित है, मगर भूमि की श्रेणी परिवर्तन प्रक्रिया लंबित होने के कारण निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है।
समाजसेवी विशाल गंगवार ने जिलाधिकारी को बताया कि वर्तमान में मीरगंज के पूरे ग्रामीण अंचल में एक ही उपकेंद्र से बिजली सप्लाई होती है, जबकि इलाके में 29 हजार से अधिक बिजली कनैक्शन संचालित हैं। अत्यधिक लोड के कारण शासन की मंशा के अनुरूप् 24 घंटे बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही है और आये दिन फाल्ट होते रहते हैं। जिससे कुटीर उद्योग धंधे, कारोबारी वर्ग और ग्रामीण उपभोक्ता लगातार परेशान हैं। कुछ क्षेत्रों में तो सिर्फ 8-10 घंटे ही बिजली मिल पाती है।
उन्होंने बताया कि मीरगंज क्षेत्र के गांव हुरहुरी में प्रस्तावित नया बिजली उप केंद्र ग्रामीण इलाकों की समस्या को काफी हद तक कम कर सकता है, लेकिन भूमि श्रेणी परिवर्तित न होने के कारण निर्माण प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो पाई है। जबकि पावर कार्पोरेशन की गाइड लाइन के अनुसार एक उपकेंद्र पर 7 हजार उपभोक्ताओं से अधिक होने पर नया उपकेंद्र बनाया जाना आवश्यक है- मगर मीरगंज में यह संख्या चार गुना अधिक है।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने उपखंड अधिकारी मीरगंज को प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाने और जल्द से जल्द उपकेंद्र निर्माण की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।