26 सितंबर के बवाल के मुख्य आरोपी और आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के करीबी कॉलोनाइज़र मोहम्मद आरिफ पर प्रशासन का बुलडोज़र चल गया। शनिवार को बीडीए ने पीलीभीत बाइपास रोड पर बने चार मंज़िला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और जगतपुर रोड स्थित दो मंज़िला मार्केट को ध्वस्त कर दिया। निर्माण बीडीए से बिना नक्शा पास कराए किया गया था। नोटिस पर जवाब न देने के बाद कार्यवाही की गई।
कार्रवाई के दौरान एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव, सीओ सिटी तृतीय पंकज श्रीवास्तव सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। दोनों जगहों पर सुबह 11 बजे से देर शाम तक बुलडोजर चला।
26 सितंबर के बवाल के बाद कार्रवाई तेज
आई लव मोहम्मद पोस्टर हटाने के विरोध में हुए उपद्रव के बाद पुलिस अब तक मौलाना तौकीर, नफीस खां समेत लगभग 100 लोगों को जेल भेज चुकी है। उनके समर्थकों और करीबियों की अवैध संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई जारी है।
मार्केट में 16 दुकानें, पांच बेचीं, आठ किराए पर
जगतपुर वाले मार्केट में 16 दुकानों में से पांच लगभग 28–30 लाख में बेची गईं और आठ दुकानों से 8 हजार रुपये महीने किराया वसूला जा रहा था। पीलीभीत बाईपास कॉम्प्लेक्स में ब्यूटी सैलून और कपड़ों का शोरूम संचालित हो रहा था।
सूत्रों का कहना है कि प्रशासन ने दोनों संपत्तियों की कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी है और किराए तथा बिक्री से अर्जित रकम की जांच की जा रही है।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए ने बताया कि बिना स्वीकृति के निर्माण पर पहले भी वाद दायर किए गए थे और कोर्ट के आदेश के अनुपालन में ध्वस्तीकरण किया गया।