जनपद बरेली के थाना भमोरा क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक मुकेश की मौत हो गई, जबकि उसका साथी करन गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बदायूं से काम खत्म करके अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एक निजी एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया। मगर मुकेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि करन का इलाज चल रहा है।
परिवार वालों ने बताया कि मुकेश और उसका दोस्त करन पुत्र डालचंद थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के गांव रामचंदपुर के के रहने वाले हैं। दोनों शादियों में वेटर का काम करते थे, जिससे रोजाना अलग-अलग कार्यक्रमों में जाते थे। शनिवार शाम वे बदायूं के एक बारातघर में काम करने गए थे। वहां काम खत्म होने के बाद देर रात दोनों मोटरसाइकिल पर अपने गांव लौट रहे थे।
रास्ते में भमोरा थाना क्षेत्र के गांव रमपुरा के पास उनकी बाइक में पीछे से आए किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज लगी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मी उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए। जहां से मुकेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां देवकी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मुकेश तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था। इससे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी पर थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन चालक की तलाश में क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक का पता लगा लिया जाएगा।