जनपद शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र में एक बारात घर में सोमवार देर रात उस समय हंगामा मच गया, जब दूल्हे की प्रेमिका अचानक शादी समारोह में पहुंच गई। प्रेमिका ने स्टेज पर दूल्हे के सामने ही अपना रिश्ता सार्वजनिक कर दिया, जिससे समारोह में मौजूद दोनों पक्षों के लोग हैरान रह गए। स्थिति ऐसी बन गई कि दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
बारात रात करीब 9 बजे धूमधाम के साथ बारात घर पहुंची। कन्या पक्ष ने पारंपरिक तरीके से बारात का स्वागत किया और जयमाला कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान दूल्हे के मोबाइल पर लगातार पाँच बार फोन आया। दूल्हा कॉलर का नाम देखकर हर बार कॉल काट देता था, जिससे उसके चेहरे पर घबराहट साफ दिख रही थी। यह फोन उसकी प्रेमिका का था।
जयमाला शुरू होने से पहले ही दूल्हे के गांव की एक युवती अचानक स्टेज पर पहुंच गई। उसने दूल्हे को अपना प्रेमी बताते हुए दावा किया कि दूल्हे ने उससे शादी करने का वादा किया था। युवती ने अपने मोबाइल से दूल्हे के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें भी वर पक्ष के लोगों को दिखाईं। पूरी भीड़ के सामने दूल्हा खामोश खड़ा रहा और कुछ भी बोलने से बचता रहा।
जब दुल्हन को इस घटनाक्रम की जानकारी मिली, तो वह भी मंच पर आ गई। उसने दूल्हे से सवाल किया, लेकिन दूल्हा चुप ही रहा। दुल्हन ने नाराज होकर साफ कहा कि वह ऐसे व्यक्ति से शादी नहीं करेगी। दोनों पक्षों ने युवती और दुल्हन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों अपने निर्णय पर अडिग रहीं।
अंत में दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। तिलक में दिया गया दहेज सामान वर पक्ष ने वापस कर दिया और दूल्हा बिना शादी किए ही बारात के साथ लौट गया। अपराध निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।