जनपद बरेली के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के परतापुर महलऊ इलाके में शनिवार रात चोरों ने एक मकान को अपना निशाना बनाया। घर का ताला तोड़कर घुसे चोर लाखों रुपये के जेवर और कीमती सामान ले गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह को परिवार वालों के जागने पर हुई। पीड़ित ने थाना इज्जतनगर में तहरीर देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित जुनैद खान ने बताया कि वह मूल रूप से थाना इज्जतनगर क्षेत्र के मोहल्ला बाकरगंज के रहने वाले हैं। करीब दो महीने पहले उन्होंने परतापुर महलऊ में नया मकान बनवाया था। तब से वह परिवार के साथ वहीं रह रहे थे। 13 तारीख को शाम करीब चार बजे वह अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के घर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे, जिससे घर में ताला लगा था।
जुनैद खान के अनुसार रविवार 14 तारीख को जब वह वापस लौटे तो देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि अलमारी और सेफ का ताला टूटा हुआ था। कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ जाहिर था कि चोरों ने इत्मीनान से घर को खंगाला है।
पीड़ित के मुताबिक, चोर सेफ में रखे सोने का हार, सोने के बुंदे, सोने की अंगूठी सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
जुनैद खान ने थाना इज्जतनगर पहुंचकर लिखित तहरीर दी है और पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।