Friday, January 30, 2026

Bareilly News: हॉफ एन्काउंटर के बाद दो लूटेरे गिरफ्तार, जेल भेजे गए

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 15, 2025

Bareilly News:  हॉफ एन्काउंटर के बाद दो लूटेरे गिरफ्तार, जेल भेजे गए

जागरण टुडे, बरेली

जनपद बरेली के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के रम्पुरा मोड़ के पास नहर पटरी और जंगल इलाके में सोमवार को पुलिस और दो लूटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। लूटेरों के पास लूटी गई ज्वैलरी, नकदी, मोबाइल, बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जंगबाजपुर थाना सिरौली निवासी गिरीशपाल उर्फ गड्डू और ग्राम दुनका शाही निवासी लालता प्रसाद उर्फ नन्हकू के रुप में हुई।

जनपद बरेली के थाना शाही क्षेत्र के ठाकुरद्वारा निवासी सर्राफा व्यापारी सुभाष रस्तोगी ने एक दिसंबर को शेरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था। आरोप था कि नगरिया साप्ताहिक बाजार में उनकी सर्राफा की दुकान है। दुकान बंद कर वह बाइक से घर लौट रहे थे। ग्राम जिया नगला के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद मारपीट कर सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग, 27 हजार रुपये नकदी और दुकान की चाबियां लूटकर फरार हो गए। इस मामले में शेरगढ़ थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रम्पुरा रोड पर कुछ बदमाश बाइक पर संदिग्ध हालत में जा रहे हैं।

प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रम्पुरा गांव के जंगल में नहर पटरी के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा जान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिससे जमीन पर गिर गए। तभी पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी शेरगढ़ भेजा गया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल अंकित कुमार भी घायल हो गए। 

हत्या-लूट जैसे अपराध में शामल रहे हैं बदमाश

गिरफ्तार बदमाशों पूछताछ में कि दोनों का आपराधिक इतिहास लंबा है। गिरीशपाल उर्फ गड्डू के खिलाफ बरेली और बदायूं के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं लालता प्रसाद उर्फ नन्हकू पर भी लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित छह गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों ने शेरगढ़ क्षेत्र के ग्राम कुड़का के पास हुई लूट की घटना के साथ-साथ मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हुरहुरी में हुई एक अन्य वारदात को भी स्वीकार किया है।

पुलिस का कहना है कि इनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 पाजेब, कमरबंद, चेन, बच्चों के खडुआ, कलाईबंद, लॉकेट, अंगूठियां, छल्ले और नाक की लोंग सहित बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। इसके अलावा 4700 रुपये नकद, बिना नंबर की प्लेटिना बाइक, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद हुए हैं।

लूट करने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। जबकि, फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लूटेरों के पास से लूट के जेवर भी बरामद हुए हैं।- मुकेश चन्द मिश्रा, एसपी उत्तरी

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.