Thursday, April 2, 2026

Bareilly News: शहर के 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं का कटेगा पीएनजी कनेक्शन

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 17, 2025

Bareilly News: शहर के 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं का कटेगा पीएनजी कनेक्शन

जागरण टुडे, बरेली

सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) शहरी क्षेत्र के 50 हजार से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। इन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से गैस का बकाया बिल जमा नहीं किया है। इन पर करीब 10 करोड़ रुपये का बकाया है। सबसे पहले इनके कनेक्शन काटे जाएंगे।

सीयूजीएल की टीमों के लगातार अपील करने के बावजूद कई उपभोक्ता बकाया बिलों का भुगतान नहीं कर रहे हैं। विभाग ने निर्णय लिया है कि पहले उपभोक्ताओं के पीएनजी कनेक्शन काटे जाएंगे और साथ ही संबंधित न्यायालय में बकाया वसूली के लिए वाद भी दायर किए जाएंगे। भुगतान न किए जाने की स्थिति में नियमानुसार न्यायालय के माध्यम से बकायेदार उपभोक्ताओं की संपत्ति कुर्क किए जाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

इन क्षेत्रों में अधिक बकायेदार

शहर के जोगी नवादा, संजय नगर, दुर्गा नगर एवं आनंद विहार में पीएनजी उपभोक्ताओं पर सर्वाधिक बकाया है। इन इलाकों में सीयूजीएल की टीमें प्रतिदिन उपभोक्ताओं से संपर्क कर बिल जमा करने की अपील कर रही हैं। कानूनी कार्रवाई या कनेक्शन विच्छेदन से बचने के लिए उपभोक्ता बकाया बिल का भुगतान ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से कर सकते हैं। उपभोक्ता सीयूजीएल की आधिकारिक वेबसाइट, फोनपे, पेटीएम, गूगल पे के माध्यम से भुगतान कर सकते हैं। इसके अलावा सीयूजीएल के कैंपों, नजदीकी आईसीआईसीआई बैंक शाखा या सीयूजीएल के सेटेलाइट स्थित कार्यालय में भी भुगतान किया जा सकता है। सेटेलाइट कार्यालय में डेबिट या क्रेडिट कार्ड से भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। ऑफलाइन भुगतान के लिए आईसीआईसीआई बैंक की किसी भी शाखा में जाना होगा।

किसी भी असुविधा, कनेक्शन विच्छेदन या कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे अपना बकाया बिल शीघ्र जमा करें। बकाया राशि जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएंगे और उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।- जितेंद्र गौतम, जीए हेड

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.