अधिकारियों के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज सरकार तक पहुंचाएं व्यापारी
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारी सम्मेलन में आगरा से आए प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने जीएसटी, खाद्य सुरक्षा और नगर निगम आदि विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन विभागों के अधिकारी प्रदेश भर में व्यापारियों उत्पीड़न और तरह-तरह के नियमों का भय दिखाकर उनका शोषण कर रहे हैं। उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि सरकारी अधिकारियों के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज प्रदेश सरकार तक पहुंचाएं।
बरेली शहर के एक निजी होटल में रविवार को आयोजित व्यापारी सम्मेलन में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि संगठन को खड़ा करने में व्यापारी भामाशाहों ने बलिदान दिया है, तब जाकर बड़े संगठन ने आकार लिया है। अब इसे बढ़ाना और उसकी मजबूती को बनाए रखना हमारा कर्तव्य है। नई पीढ़ी को भी व्यापारियों की विरासत को पूरे मनोयोग और शिद्दत के साथ सींचना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार के बावजूद सरकारी भ्रष्टाचार चरम पर है। आरोप लगाया कि लगता है कि अधिकारियों को सरकार की खुली मिली है। अधिकारी नोटिस, सैंपलिंग और दुकान सील करने की कार्रवाई पूरे प्रदेश में की जा रही है। अब समय आ गया है कि व्यापारी एकजुट होकर इन निरंकुश अधिकारियों के खिलाफ विरोध की आवाज सरकार के कानों तक पहुंचाएं।
विधान परिषद में व्यापारियों को प्रतिनिधित्व हो: राजेंद्र गुप्ता
प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल की स्थापना पंडित श्याम बिहारी मिश्रा और लाला विशंभर दयाल अग्रवाल ने बहुत संघर्षों के बाद की है। 18 व्यापारियों को अपनी शहादत देनी पड़ी। तब जाकर व्यापारियों का इतना बड़ा संगठन बन पाया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल से कई छोटे संगठनों ने जन्म लिया, जो किसी न किसी रूप में व्यापारियों की सेवा कर रहे हैं, लेकिन कुछ अति महत्वाकांक्षी लोग व्यापारिक राजनीति को बदनाम भी करते हैं और व्यापारियों की लड़ाई को कमजोर भी करते हैं। उनसे व्यापारियों को सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार व्यापार मंडल ने बीड़ा उठाया है कि प्रांतीय और राष्ट्रीय स्तर पर विधानसभाओं में व्यापारिक निर्वाचन क्षेत्र की मांग करेंगे जैसे कि ग्रेजुएट, शिक्षक और स्थानीय निकायों का प्रतिनिधित्व है, इसी प्रकार व्यापारियों का प्रतिनिधित्व भी विधान परिषद में होना चाहिए ताकि हम व्यापारियों के लिए प्रदेश में अच्छे कानून बना सकें।
ऑनलाइन का बढ़ता कारोबार रिटेल के लिए अत्यंत घातक: राजेश जसोरिया
प्रांतीय संयुक्त महामंत्री राजेश जसोरिया ने कहा ऑनलाइन का बढ़ता कारोबार, रिटेल कारोबार के लिए अत्यंत घातक है। यदि समय से इस पर रोक नहीं लगाई गई तो गली-मोहल्ले व बाजारों की रौनक समाप्त हो जाएगी। छोटे दुकानें और कारोबार बंद हो जाएंगे। उन्होंने सरकार से शीघ्र ही रेगुलेटरी अथॉरिटी (नियामक आयोग) बनाने की मांग रखी जाएगी जो इन ऑनलाइन कंपनियों के कारोबार पर कुछ हद तक अंकुश लगाए।
मंडल के चार व्यापारियों को भामाशाह सम्मान
सम्मेलन में बरेली के व्यापारी प्रेम शंकर अग्रवाल, शाहजहांपुर के विजय तुली, पीलीभीत के संजय चंद्रा और बदायूं के कमल गुप्ता को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया। शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष कुलदीप दुआ, बदायूं के जिलाध्यक्ष केबी गुप्ता, पीलीभीत के जिलाध्यक्ष अर्जुन टहलानी, व बरेली के जिलाध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी ने भी विचार रखें। मंडल अध्यक्ष शिरीष गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंडल महामंत्री प्रवीण गोयल व मंडल प्रभारी समित अग्रवाल ने संचालन किया। बरेली के जिला महामंत्री संदीप अग्रवाल मिंटू, मंडल कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, मंडल कोऑर्डिनेटर सुनील शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, जिला प्रभारी विपिन गुप्ता, अनुज पांडे, राजीव शुक्ला, महावीर जायसवाल, अमरीश अग्रवाल,मनमोहन सब्बरवाल,श्याम मिठवानी, अनिल गुप्ता, आशीष शर्मा व मथुरा प्रसाद समेत अन्य मौजूद रहे।