राजधानी में आयोजित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाने वाले अफसरों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सम्मेलन में बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने उनके नेतृत्व में जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। यह सम्मान मिलने से बरेली पुलिस महकमे में खुशी और गौरव का माहौल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की मजबूती के पीछे पुलिस बल की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निष्ठा का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का समर्पण ही प्रदेश में सुरक्षित वातावरण बनाने की नींव है। ऐसे सम्मानों से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और वे और अधिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार पुलिस बल को आधुनिक संसाधन, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन में प्रदेश के कई जिलों के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए, जिन्हें उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा, अपर पुलिस महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर) अमिताभ यश सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य को मिला यह सम्मान जिले के पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि इस उपलब्धि से पूरे महकमे का मनोबल बढ़ा है और वे कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।