बरेली जिले के मीरगंज क्षेत्र में स्थित गोदाम से मेहनत-मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक को हाइवे पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरेली जिला के मीरगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव मनकरा निवासी राजेश कुमार पुत्र बांके लाल मीरगंज कस्बा क्षेत्र के कुल्छा खुर्द गांव स्थित एक गोदाम पर काम करता है। शुक्रवार शाम वह बाइक से अपने गांव वापस लौट रहा था। जैसे ही वह कुल्छा खुर्द पेट्रोल पंप के सामने हाइवे पार कर रहा था, तभी बरेली से रामपुर की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और राजेश कुमार लहूलुहान हालत में हाइवे पर गिर पड़ा। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे गांव के साथी विकास सहित अन्य राहगीरों ने घायल युवक को तत्काल सीएचसी मीरगंज पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, युवक का एक हाथ बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है। फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।