पुलिस ने घटना का खुलासा कर दोनों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
जनपद के सिरौली थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा निवासी किसान सुरेशपाल सिंह की हत्या पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर की थी। पुलिस ने 24 घंटे में घटना का खुलासा कर आरोपी महिला और उसके प्रेमी को जेल भेजा दिया।
सिरौली थाना क्षेत्र के भूड़ा गांव निवासी 50 वर्षीय किसान सुरेशपाल सिंह की शनिवार रात सिर में धारधार हथियार मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की थी। परिजनों का शक था कि सुरेशपाल की हत्या अवैध संबंध में की गई है। पुलिस ने शक के आधार पर मृतक की पत्नी से पूछताछ की तो मामला खुल गया। सोमवार को पुलिस ने सुरेशपाल की पत्नी और उसी गांव के रहने वाले उसके प्रेमी होतम सिंह उर्फ होते को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया।
पत्नी ने पकड़े हाथ, प्रेमी ने हथौड़े से किए वार
पूछताछ के दौरान हत्यारोपी होतम सिंह ने बताया कि उन्होंने 10 जनवरी को सुरेशपाल सिंह से पीछा छुड़ाने की योजना बनाई। इसके बाद सुरेशपाल के मोबाइल से उसकी पत्नी ने फोन करके होतम सिंह को अपने घर बुलाया। सुरेशपाल गांव में दावत खाकर लौटा और जाकर चारपाई पर सो गया। सोते समय सुरेश पाल के उसकी पत्नी ने हाथ पकड़ लिए और होतम सिंह ने सिर और चेहरे पर हथौड़े से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद होतम सिंह हथौड़ा लेकर फरार हो गया। महिला ने मोबाइल से सिम निकालकर तोड़ दी।
पुलिस की शुरूआती जांच में शक के दायरे में आ गई थी पत्नी
घटना के बाद एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने मौका मुआयना किया। पूछताछ करने पर सुरेशपाल की पत्नी अलग-अलग बयान दे रही थी। सुरेशपाल के परिजन भी उसकी पत्नी पर शक जता रहे थे। महिला के मोबाइल में होतम सिंह के साथ बने वीडियो और ऑडियो कॉल मिली। इसके बाद पुलिस का शक और गहरा हो गया।
अवैध संबंधों का विरोध करने पर की सुरेशपाल की हत्या
पूछताछ में मृतक की पत्नी ने बताया कि उसका और होतम सिंह का पिछले तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसकी जानकारी होने पर सुरेशपाल विरोध करने लगा। वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। गिरफ्तार करने वाली टीम में सिरौली थाना प्रभारी विनोद सिंह, हेड कांस्टेबल वेदराम सिंह, कांस्टेबल निशांत कुमार, महिला कांस्टेबल प्रिया शर्मा और मोनिका शामिल रही।
सिरौली के भूड़ा में किसान की हत्या के बाद पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी ने हत्या की है। महिला का गांव के ही युवक से 3 साल से प्रेम प्रसंग चल रहे थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद आला कत्ल बरामद कर लिया गया।- अंशिका वर्मा, एसपी साउथ