जनपद बरेली के मीरगंज नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सनातन परंपरा और आस्था के प्रतीक मकर संक्रांति का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर नगर व देहात क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर खिचड़ी सहभोज एवं भंडारों का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मकर संक्रांति के पावन पर्व पर गुरुवार प्रातः श्रद्धालुओं ने स्नान-दान कर जप, तप, श्राद्ध एवं तर्पण आदि धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। महिलाओं व पुरुषों ने तिल-गुड़, खिचड़ी का दान कर सनातनी परंपरा का निर्वहन किया।
डीबीओएल (धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड) शुगर मिल, मीरगंज में भी मकर संक्रांति के अवसर पर भव्य खिचड़ी सहभोज का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ इकाई प्रमुख सरवजीत सैनी, महाप्रबंधक (गन्ना) ओम प्रकाश वर्मा एवं महाप्रबंधक (कारखाना) अरविन्द गंगवार द्वारा किया गया। इस अवसर पर मिल के अधिकारी, कर्मचारी एवं आगंतुक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
नगर मीरगंज के थाना रोड स्थित ओपी ज्वेलर्स प्रतिष्ठान के सामने भी खिचड़ी सहभोज का आयोजन किया गया। प्रतिष्ठान स्वामी हर्ष पुरी गोस्वामी, मनोज प्रजापति एवं ब्रजेश दिवाकर के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया।
बनैया स्थित श्री शिव मंदिर परिसर में योगेश कुमार गुप्ता, उनकी धर्मपत्नी नीरू गुप्ता एवं आयुष गुप्ता के सौजन्य से खिचड़ी भंडारे का आयोजन हुआ, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इसके अतिरिक्त मेवात टीचर कॉलोनी स्थित सिद्धपीठ ब्रह्मदेव-शनिदेव मंदिर परिसर में खिचड़ी सहभोज के साथ पूड़ी-पकवान, रसखीर एवं मक्का की रोटियों का भंडारा हुआ। कार्यक्रम में सतीश चंद्र तिवारी, ओमप्रकाश गंगवार, टिंकू शर्मा, रमाकांत शर्मा सहित अन्य लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।
वहीं ग्राम नगरिया कल्याणपुर के समीप श्री बालाजी महाराज मंदिर में कौशलेंद्र गौड़ के माध्यम से खिचड़ी सहभोज का आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें हजारों ग्रामीणों एवं दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मकर संक्रांति पर्व ने मीरगंज क्षेत्र में सनातनी संस्कृति, सामाजिक समरसता और सेवा भाव की अनुपम छटा बिखेरी।