उत्तराखंड से बिना आईएसटीपी (इंटर-स्टेट ट्रांजिट पास) के अवैध रूप से खनिजों को डंपर व ट्रकों में भरकर लाने वाले माफिया ने बुधवार रात बहेड़ी में टोल प्लाजा से अवैध तरीके से निकलकर भाग रहे चालकों ने खनन टास्क फोर्स के अधिकारी-कर्मचारियों को कई वाहनों से कुचलकर मारने की कोशिश की। चालकों ने वाहनों से बैरिकेडिंग भी तोड़ दी। एक दरोगा को गुम चोट आई है। चेकिंग टीम ने सड़क किनारे कूदकर जान बचाई। हालांकि, घेराबंदी कर 37 वाहन दबोचे। 24 आरोपी गिरफ्तार कर लिये गए। शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली के 37 वाहन स्वामियों व चालकों विरुद्ध बहेड़ी थाने में विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गयी है।
डीएम अविनाश सिंह की ओर से 2 जनवरी काे जारी किए आदेश के अनुपालन में जनपद में उप खनिज के वैध व अवैध परिवहन की प्रभावी जांच, नियंत्रण एवं रोकथाम के उद्देश्य से चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। बहेड़ी क्षेत्र में नैनीताल रोड पर मुड़िया मुकर्रमपुर स्थित टोल प्लाजा और भोजीपुरा थाना क्षेत्र के दोहना टोल प्लाजा पर अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है ताकि जनपद में उत्तराखंड सीमा से रेता, बजरी, गिट्टी के भरे हुए बिना आईएसटीपी और ओवरलोड वाहनों की रोकथाम करने के लिए अभियान चलाया जा सके। इसी के अनुपालन में गठित जांच टीम ने 14 जनवरी की शाम खान अधिकारी मनीष कुमार को सूचना दी कि 40-45 गिट्टी, बजरी से लदे ओवरलोड ट्रकों ने बिना ट्रांजिट पास के प्रवेश किया है। इसके बाद खान अधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी बहेड़ी ने देर शाम टोल से पहले चेकिंग शुरू करा दी।
जिला खान अधिकारी ने बताया कि टीम में शामिल अधिकारी और कर्मचारी 40-45 गिट्टी, बजरी से लदे ओवरलोड ट्रकों के कागजात चेकिंग कर रहे थे, तभी कुछ वाहन चालकों ने बिना रुके जान से मारने की नीयत से जांच टीम में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों को रौंदने की कोशिश की। अधिकारी-कर्मचारियों ने इधर-उधर कूदकर अपनी-अपनी जान बचाई। इसमें दरोगा कृष्णपाल को गुम चोट आयी। वाहन चालक बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए अपने वाहनों को बीच सड़क पर जीपीएस लॉक करके छोड़ गए। खान अधिकारी टीम के साथ वन विभाग तिराहे पर पहुंच गए। वाहनों की वजह से यातायात भी अवरुद्ध हो गया। वाहनों को सड़क से हटवाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। वाहनों को पकड़ने के लिए वन विभाग तिराहा पर भी बैरियर लगाया था। सभी वाहनों, चालकों और हेल्परों के विरुद्ध उप्र उपखनिज (परिहार) नियमावली-2021 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम व भारतीय न्याय संहिता 2023 की सुसंगत धारा में थाना बहेड़ी में अभियोग पंजीकृत कराया है।
इन वाहनों के चालक और क्लीनर गिरफ्तार किए गए
पुलिस की मदद से वाहन संख्या-यूपी25सीटी4299 का चालक सलमान पुत्र इस्लाम निवासी डोहरिया थाना भोजीपुरा, यूपी-25एफटी0665 का चालक मो. कमर पुत्र मो. अहमद निवासी ग्राम गुडवारा थाना बहेड़ी, यूपी-25एफटी2973 का चालक करन सिंह पुत्र भगवानदास निवासी ग्राम जादौपुर थाना भोजीपुरा, यूपी-25सीटी5247 का चालक चांद पुत्र उरमान शाह निवासी महेशपुरा थाना सीबीगंज, यूपी-25बीटी3383 का चालक मो. नसीम पुत्र इजराइल निवासी कस्बा थाना शेरगढ़, एचआर-55एएक्स8214 का चालक कासिम पुत्र मोसम खां निवासी डोहरिया पथदोरा थाना भोजीपुरा, यूपी-25एफटी1334 का चालक सुनील पुत्र बादाम सिंह निवासी ग्राम करमपुर चौधरी थाना इज्जतनगर, यूपी-25बीटी5572 का चालक विकास पुत्र जगदीश निवासी तिलहर जनपद शाहजहांपुर व हेल्पर फुरकान पुत्र मजीउल्ला निवासी दियूरिया कला, जनपद पीलीभीत, एचआर-58ई4505 का चालक अनुज पुत्र कुंवरसेन निवासी ग्राम निर्जापुर रंजीत थाना बहेड़ी, यूपी-25ईटी4206 का चालक साकिर पुत्र साबिर निवासी सुरला थाना भोजीपुरा, यूपी-25सीटी3488 का चालक नाजिम पुत्र मो. अहमद निवासी ग्राम गुरुवारा थाना बहेड़ी, यूपी-25एफटी7954 का चालक राजेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी आनंददीपुर थाना देवरनियां व हेल्पर मुस्तफा पुत्र फरजंद निवासी कंजादासपुर थाना इज्जतनगर, यूके-06ईई9875 का चालक दान सिंह पटेल पुत्र देवस्वरूप निठ पट्टी दियावाली, थाना जहानाबाद पीलीभीत, यूपी-25जीटी4914 का चालक इमरान पुत्र सुलेमान व यूपी-25जीटी4168 का चालक निजाम पुत्र इकराम निवासी ग्राम पचदौरा दोहरिया थाना भोजीपुरा, एचआर-55एयू2611 का चालक मुजीव पुत्र सफदर अली निवासी मुरादपुर धाना भोजीपुरा, यूपी-25एफटी8354 का चालक सलमान पुत्र अब्दुल खां निवासी ग्राम पचदौरा दोहरिया थाना भोजीपुरा को गिरफ्तार किया है।
ये आरोपी करते हैं वाहनों से फिल्डिंग
जिला खान अधिकारी मनीष कुमार के अनुसार प्राइवेट गाड़ी से सोहेल, अजहरुद्दीन, नियासुद्दीन यूपी-41एवी2098, अनुप गुप्ता यूपी-14सीएम0232, सहरुद्दीन यूपी22बीटी0832 गाड़ी से फिल्डिंग करते हैं। इन लोगों ने ट्रक भगाने में चालकों का सहयोग किया। वाहन चालकों से कहा कि जो कर्मचारी तुम्हारा ट्रक रोकने का प्रयास करे तो उनके ऊपर ट्रक चढ़ाकर भाग जाएं। यही कारण रहा कि वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो नहीं रुके एवं जान से मारने की नीयत से वाहनों को चढ़ा दिया।
गुंडा व गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की तैयारी
जिला खान अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि अवैध खनन में लगे और खनन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की जान लेने की कोशिश करने वालों के खिलाफ गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि माह अप्रैल 2025 से 13 जनवरी तक कुल 392 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1.77 करोड़ रुपये की वसूली की गयी है।