कड़ाके की ठंड में जब झुग्गी–झोपड़ियों में रहने वाले मासूम बच्चों की रातें और भी सर्द व असहनीय हो गईं, तब जस्टिस फॉर चिल्ड्रन स्ट्रीट स्कूल निःशुल्क शिक्षा केंद्र, पन्ना पोखर पर मानवता की एक सशक्त मिसाल देखने को मिली। जस्टिस फॉर चिल्ड्रन एंड वूमेन सोसायटी की ओर से आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में सैकड़ों गरीब और जरूरतमंद बच्चों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए।
इस सेवा अभियान को श्री रविन्द्र कुमार सिंह, आईएएस (स्टाफ ऑफिसर एवं स्पेशल सेक्रेटरी, मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश) के विशेष सहयोग से संपन्न कराया गया। कंबल पाते ही बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान, चमकती आंखें और हाथ जोड़कर व्यक्त किया गया आभार इस बात का प्रमाण था कि संवेदना का एक छोटा-सा प्रयास भी किसी बच्चे के जीवन में बड़ा सुकून भर सकता है। कई बच्चों ने भावुक होकर बताया कि अब वे ठंड से कांपते हुए नहीं, बल्कि सुकून और उम्मीद के साथ रात बिता सकेंगे।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं संस्था के संस्थापक सतीश चंद्र शर्मा ने बताया कि संस्था वर्ष 2008 से लगातार झुग्गी–झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, संस्कार और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है। शिक्षा के साथ-साथ वस्त्र, कंबल और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर यह सुनिश्चित किया जाता है कि कोई भी बच्चा अभाव के कारण अपने सपनों और बचपन से वंचित न रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि समाज का भविष्य इन्हीं बच्चों में बसता है, और उन्हें ठंड, भूख व उपेक्षा से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह कंबल वितरण कार्यक्रम श्री वीरपाल सिंह के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला बाल कल्याण समिति मथुरा की सदस्य सीमा शर्मा, कुमारी कुमकुम राजपूत, प्रभात शर्मा, प्रीति राजपूत, पुष्पा सिंह, सचिन कुमार एवं मोनू राजपूत सहित कई समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब समाज साथ खड़ा होता है, तब ठिठुरता बचपन भी मुस्कुराने लगता है।