कड़ाके की ठंड से गरीब और असहाय लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी बरेली के आदेशानुसार मंगलवार को जनपद बरेली के मीरगंज तहसील क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कंबल वितरण अभियान चलाया गया। इसी क्रम में तहसील क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर में एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया, जहां जरूरतमंद महिला एवं पुरुषों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए।
कंबल वितरण कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक भाजपा डा. डी.सी. वर्मा एवं उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आलोक कुमार ने स्वयं उपस्थित रहकर 200 निर्धन महिलाओं और पुरुषों को कंबल वितरित किए। कंबल पाकर गरीब और असहाय लोग काफी प्रसन्न नजर आए और उन्होंने शासन व प्रशासन का आभार व्यक्त किया। विधायक डा. डी.सी. वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
इसी तरह शासन के निर्देशानुसार मीरगंज तहसील क्षेत्र के अन्य गांवों— दिनरा, सुकली, फिदाईपुर, अक्सौरा, आनंदपुर, बलेही पहाड़पुर, मड़वा वंशीपुर, बफरी बुजुर्ग एवं बफरी अब्दुल नवीपुर में भी कंबल वितरण किया गया। इन सभी स्थानों पर क्षेत्रीय लेखपाल, कानूनगो तथा नायब तहसीलदार व तहसीलदार के पर्यवेक्षण में पात्र और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए।
ग्राम मिर्जापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार, तहसीलदार आशीष कुमार, नायब तहसीलदार अरविंद सिंह सहित कई लेखपाल, कानूनगो एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया गया कि कंबल वितरण पारदर्शिता के साथ सही पात्रों तक पहुंचे। ठंड के इस मौसम में शासन द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान गरीबों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है।