ओमकार गंगवार,मीरगंज(बरेली)
सनातन संस्कृति, आस्था और परंपरा के प्रतीक श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की वर्षगांठ के पावन अवसर पर गुरुवार को जनपद बरेली के मीरगंज क्षेत्र के ग्राम मनकरा स्थित श्री ब्रह्मदेव महाराज मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार को प्रातःकाल अखंड रामायण पाठ से हुई, जो पूरे 24 घंटे श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न कराया गया। रामायण पाठ के समापन के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत हवन-पूजन किया गया, और श्री हनुमान, भगवान शिव समेत कई इष्ट देव मूर्तियों की स्थापना का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम भी विधिवत संपन्न हुआ, हवन में ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर भगवान श्रीराम से सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात सनातनी परंपरा के अनुरूप विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और वातावरण पूर्णतः भक्तिरस में डूबा नजर आया।
इस अवसर पर गांव के बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेंद्र गंगवार उर्फ लाला, जयदेव गंगवार, सुखदेव गंगवार, रामाधार दिवाकर, काशीराम मौर्य, टिंकू गंगवार, प्रधान पति सचिन सक्सेना, पूर्व प्रधान प्रेम शंकर गंगवार, पूर्व प्रधान विशाल गंगवार, सत्यपाल गंगवार सहित समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से सामाजिक एकता को बल मिलता है और आने वाली पीढ़ियों को सनातन संस्कृति से जोड़ने का कार्य होता है। अंत में सभी ग्रामवासियों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं को इसी तरह निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।