बहेड़ी बंजरिया चौकी क्षेत्र के बंजरिया चौराहे और आसपास के गांवों में शुक्रवार शाम बिजली विभाग द्वारा ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। मॉकड्रिल के दौरान चौकी प्रभारी राकेश कुमार, उपनिरीक्षक रियाजउद्दीन, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अमन सिंह, हेड कांस्टेबल विमलेश सहित पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा और चौराहे पर ब्लैक आउट के नियमों का सख्ती से पालन कराया गया।
शाम छह बजे निर्धारित समय पर जिले के सभी 37 उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे कुछ ही पलों में पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। अचानक हुए ब्लैक आउट से जिन लोगों को पूर्व सूचना नहीं थी, वे कुछ समय के लिए असमंजस में नजर आए। हालांकि करीब दस मिनट बाद दोबारा बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
मॉकड्रिल के दौरान नागरिकों को अनावश्यक प्रकाश स्रोत बंद रखने, खिड़की-दरवाजों पर परदे या कवर लगाने, वाहनों की लाइटें बंद रखने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों ने मौके पर रहकर लोगों को जागरूक किया और नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।
बिजली विभाग के एक्सईएन द्वारा सभी उपकेंद्रों से मॉकड्रिल का फीडबैक लिया गया। रिस्पांस टाइम संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों ने राहत जताई। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की मॉकड्रिल आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती हैं।