Friday, January 30, 2026

Badaun News : उप्र दिवस पर 213 गरीब कन्याओं का हुआ विवाह

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 24, 2026

Badaun News : उप्र दिवस पर 213 गरीब कन्याओं का हुआ विवाह

जागरण टुडे,बदायूं

 उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस-2026 के अवसर पर शनिवार को जनपद बदायूं में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूनम लॉन, बदायूं में आयोजित इस वृहद समारोह में सामाजिक समरसता और जनकल्याण की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां चयनित 225 जोड़ों के सापेक्ष 213 जोड़ों ने सामूहिक विवाह में भाग लिया। इनमें 168 हिंदू, 37 बौद्ध एवं 8 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार श्री बी.एल. वर्मा एवं उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार माध्यमिक शिक्षा एवं प्रभारी मंत्री बदायूं श्रीमती गुलाब देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है और यह प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने देश को सबसे अधिक प्रधानमंत्री दिए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा प्रति जोड़ा दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है, जिससे गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है।

उन्होंने उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से गरीबों को बिना किसी भेदभाव के पारदर्शिता के साथ खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि गरीब पिता के लिए अपनी बेटी का भव्य विवाह कराना एक सपना होता है, जिसे सरकार ने साकार किया है। उन्होंने कहा कि आज गरीब कन्याओं के विवाह में जिले के सभी जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हैं, जो इस योजना की सफलता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आयोजित यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम मिशन शक्ति का सशक्त उदाहरण है, जिसमें सर्वधर्म समभाव के साथ कन्याओं का विवाह संपन्न कराया गया।

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक समानता और समरसता को मजबूत करती है। इसके माध्यम से बिना किसी भेदभाव के गरीब कन्याओं का विवाह कराया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से पांच चयनित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र एवं उपहार सामग्री वितरित की गई। साथ ही बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन कर सराहना की।

इस अवसर पर भाजपा नेता शारदेंदु पाठक, अशोक कुमार भारती, पूर्व विधान परिषद सदस्य जितेंद्र यादव सहित जिलाधिकारी अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.