जनपद बरेली के थाना मीरगंज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो 632 ग्राम डोडा छिल्का बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 जनवरी की देर रात्रि मीरगंज थाना क्षेत्र के नल नगरिया तिराहे पर कोतवाली मीरगंज में तैनात उपनिरीक्षक सूरज पाल एवं अरुण कुमार, हमराही पुलिस बल व कांस्टेबल अंकुर सिरोही के साथ संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक मादक पदार्थ तस्कर इलाके से गुजरने वाला है।
सूचना पर विश्वास करते हुए पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 4 किलो 632 ग्राम डोडा छिल्का बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजीत शर्मा उर्फ मोनू पुत्र स्वर्गीय नरेश कुमार शर्मा, निवासी गांव बगरऊ, थाना शाही, जिला बरेली बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ढाबों पर ट्रक चालकों को डोडा छिल्का बेचता था, जिससे वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि चेकिंग के दौरान एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।