बरेली जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव पैगा नगरिया उर्फ नगरीया भगत निवासी 30 वर्षीय तेजेंद्र पाल पुत्र लालता प्रसाद की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार तेजेंद्र पाल एसआईएस कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत था और रामपुर स्थित एक शराब फैक्ट्री में तैनात था। 17 जनवरी की रात ड्यूटी समाप्त कर वह रोडवेज बस से अपने गांव लौट रहा था। गांव के पास बस से उतरते समय एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान 31 जनवरी को उसकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी चित्रकली, एक बेटी और एक बेटे को छोड़ गया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।