जनपद बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गुगई में घर के बाहर काम कर रही एक युवती को सांप ने डस लिया। सर्पदंश की घटना के बाद युवती की हालत कुछ ही पलों में बिगड़ने लगी।
जानकारी के अनुसार सोमवार को गांव गुगई निवासी शीतल पुत्री छोटेलाल अपने घर के बाहर घरेलू कामकाज कर रही थी। इसी दौरान अचानक एक सांप ने उसके हाथ में डस लिया। सांप के काटने के कुछ ही समय बाद शीतल की तबीयत तेजी से खराब होने लगी।
परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ एंटी वेनम इंजेक्शन लगाया। युवती की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
फिलहाल जिला अस्पताल में युवती का उपचार जारी है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।