बरेली जनपद के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गुरुवार को तहसील मीरगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसील की व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त पाई गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखागार, तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने धारा 24, 34, 35, 38 और 80 के अंतर्गत लंबित वादों की समीक्षा की। जांच में पाया गया कि तहसील मीरगंज में लंबित वादों के निस्तारण की स्थिति संतोषजनक है। विशेष रूप से पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों में भी अच्छी प्रगति दर्ज की गई, जहां केवल दो वाद लंबित पाए गए।
अभिलेखागार के निरीक्षण में सभी पत्रावलियां सुव्यवस्थित मिलीं। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को अभिलेखागार में तहसील का नक्शा लगवाने के निर्देश दिए। तहसील परिसर में साफ-सफाई और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव को लेकर भी उन्होंने संतोष जताया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आय, जाति और मूल निवास प्रमाण पत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी किए जाएं। साथ ही उन्होंने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनता दर्शन आयोजित कर आमजन की समस्याओं का गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भूमाफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार, तहसीलदार मीरगंज तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।