बरेली जनपद के मीरगंज तहसील क्षेत्र के धनेटा में संचालित मंगलम हॉस्पिटल में शुक्रवार को के.आर. महाराज इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं का एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा प्रक्रियाओं तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
भ्रमण के दौरान हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मंगलसेन गंगवार ने विद्यार्थियों को स्वस्थ रहने के महत्वपूर्ण सिद्धांतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता एवं समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व को सरल शब्दों में समझाया। विद्यार्थियों ने चिकित्सक से स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. गंगवार ने सहजता से उत्तर दिया।
छात्र-छात्राओं को हॉस्पिटल की विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कराया गया, जिसमें अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी लैब सहित अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं शामिल रहीं। इस दौरान बच्चों ने चिकित्सा उपकरणों को नजदीक से देखा और उनकी कार्यप्रणाली को समझा, जिससे उनमें चिकित्सा विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और रुचि उत्पन्न हुई।
इस अवसर पर के.आर. महाराज इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधन पक्ष से विद्यालय के प्रबंध निदेशक गोपाल पाठक एवं राजेन्द्र गंगवार विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने मंगलम हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं व्यवहारिक अनुभव बढ़ाने हेतु ऐसे शैक्षिक कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।