जिलाधिकारी बरेली के तहसील मीरगंज निरीक्षण के उपरांत दिए गए निर्देशों के क्रम में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में दर्ज शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी देखने को मिली। समाधान दिवस के दौरान कुल 31 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत किए गए, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही गुण-दोष के आधार पर निस्तारण कर दिया गया।
तहसीलदार द्वारा पंजीकृत शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर स्थलीय जांच के लिए भेजी गईं। जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में निर्देश दिए गए थे कि शिकायतों की जांच पक्षकारों की उपस्थिति में एवं यथासंभव मौके पर ही की जाए। इन्हीं निर्देशों का पालन किए जाने के कारण निस्तारण का प्रतिशत बढ़ा है।
तहसील प्रशासन द्वारा यह भी निर्देशित किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी अपना फीडबैक टिप्पणी के रूप में अनिवार्य रूप से अंकित करेंगे। वहीं, धारा 24 तूदावंदी के मामलों में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर एक राजस्व निरीक्षक को पृथक से नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
शनिवार को मीरगंज तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रस्तावित था, किंतु अपरिहार्य कारणों से वह उपस्थित नहीं हो सके। इसके बाद उपजिलाधिकारी आलोक कुमार, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी अजय कुमार द्वारा फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में दर्ज कुल 31 शिकायतों में
-
राजस्व विभाग – 12
-
विकास विभाग – 02
-
आपूर्ति विभाग – 05
-
विद्युत विभाग – 06
-
वन विभाग – 01
-
नगर विकास विभाग – 02
-
अन्य विभाग – 03
शामिल रहीं। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देशों के साथ प्रेषित कर दिया गया है।