बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र के बी डी एम पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए आयोजित विदाई समारोह भावनाओं, यादों और उज्ज्वल भविष्य की कामनाओं का सुंदर संगम बन गया। यह समारोह कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा अपने सीनियर छात्रों के सम्मान में पूरे स्नेह और आदर के साथ आयोजित किया गया, जिसमें खुशी की मुस्कान के साथ बिछड़ने की हल्की उदासी भी साफ झलक रही थी।
समारोह का शुभारंभ विद्यालय के वाइस प्रेसिडेंट अचल मिश्रा के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ते समय विद्यालय में सीखे गए संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी होंगे। उनके शब्दों ने छात्रों के मन में नई ऊर्जा और आशा का संचार किया।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं की छात्रा गौरीका सिंह एवं अवनी ने संयुक्त रूप से बेहद प्रभावशाली ढंग से किया। कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के सम्मान में गीत, नृत्य, कविता, भाषण एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें दोस्ती, संघर्ष और सफलता के भाव समाहित थे। कई प्रस्तुतियों ने माहौल को भावुक कर दिया और विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या नमिता दीक्षित ने अपने उद्बोधन में छात्रों को गुरुजनों के आशीर्वाद के साथ जीवन पथ पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से ही सफलता के नए द्वार खुलते हैं और यही मूल्य बी डी एम पब्लिक स्कूल की पहचान हैं।
समारोह के दौरान कक्षा 12वीं के सभी छात्रों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विशेष आकर्षण के रूप में कक्षा 12वीं के बादल तिवारी को “मिस्टर फेयरवेल” तथा अर्शप्रीत कौर को “मिस फेयरवेल” चुना गया। दोनों ने मंच से विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बी डी एम पब्लिक स्कूल ने उन्हें केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की सही दिशा, आत्मविश्वास और संस्कार भी दिए हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन भावुक विदाई, तालियों की गूंज और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।