राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) के अवसर पर बरेली जनपद के मीरगंज विकास क्षेत्र के विभिन्न शैक्षिक संस्थानों में जागरूकता एवं दवा वितरण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस क्रम में राजकीय हाई स्कूल बलिया, दिव्य कृपाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मीरगंज तथा संविलियन विद्यालय हल्दी खुर्द में बच्चों को कृमिनाशक दवा का सेवन कराया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर श्री पुनीत सक्सेना, किशोर स्वास्थ्य काउंसलर श्री अवधेश शर्मा एवं सीकेडी सीसी श्री प्रियंशु शर्मा की सक्रिय उपस्थिति रही। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पेट में होने वाले कीड़ों से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रभावित करता है, जिससे एनीमिया, कमजोरी, थकान एवं पढ़ाई में एकाग्रता की कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बच्चों को स्वच्छता अपनाने, नियमित हाथ धोने, साफ पानी पीने, खुले में शौच से बचने तथा संतुलित पोषण लेने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। दवा वितरण के दौरान यह विशेष ध्यान रखा गया कि बच्चों को दवा सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से दी जाए।
विद्यालयों के शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में सहयोग करते हुए बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उन्हें स्वस्थ एवं एनीमिया मुक्त बनाना है।
इस पहल के माध्यम से बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।