जनपद बरेली के शाही थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव दुनकी निवासी मुकेश कुमार पुत्र नंदराम ने अपनी बहन की दहेज प्रताड़ना के चलते जहर देकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा है।
पीड़ित मुकेश कुमार ने बताया कि पिता के स्वर्गवास के बाद उसने अपनी बहन सरोज का पालन-पोषण किया था। सरोज की शादी कुछ वर्ष पूर्व उसकी सामर्थ्य के अनुसार हिंदू रीति-रिवाजों के साथ दिल्ली में काम करने वाले राजीव पुत्र छेदा लाल, निवासी गुलाबनगर, थाना कैंट, बरेली से की गई थी। विवाह में दान-दहेज दिया गया, लेकिन ससुराल पक्ष बाइक, वॉशिंग मशीन, फ्रिज, बर्तन और डबल बेड जैसी अतिरिक्त मांगों को लेकर संतुष्ट नहीं था।
आरोप है कि पति राजीव, उसका बड़ा भाई इतवारी, भाभी प्रेमवती, बहन प्रेमवती और बहनोई रामसरन सभी एक साथ मिलकर सरोज को लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। सरोज को मायके भी नहीं भेजा जाता था। पीड़िता ने कई बार फोन के माध्यम से अपने भाई मुकेश और बड़ी बहन मूर्ति देवी को प्रताड़ना की जानकारी दी थी और जान का खतरा जताया था।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि एक सप्ताह पूर्व सरोज ने अपनी बड़ी बहन मूर्ति देवी को बताया था कि ससुराल वाले उसे जान से मार सकते हैं और शायद अब दोबारा मुलाकात न हो।
आरोप है कि 06 फरवरी 2026 को ससुराल पक्ष ने एकराय होकर सरोज को जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद बिना सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार किए जाने का प्रयास किया गया।
सूचना मिलने पर मुकेश कुमार रिश्तेदारों के साथ गुलाबनगर पहुंचा और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
पीड़ित का आरोप है कि थाना कैंट बरेली में नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने बिसरा रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कहकर मामला टाल दिया। इसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराने और बिसरा रिपोर्ट शीघ्र मंगाने की मांग की।
मामले को संज्ञान में लेते हुए एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने थाना कैंट पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।