Tuesday, March 31, 2026

Bareilly news : पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय चुराई दलपतपुर की छात्राओं ने किया ऐतिहासिक एक्सपोज़र विजिट, रामनगर किला से लीलौर झील तक जानी गौरवगाथा

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 14, 2026

Bareilly news : पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय चुराई दलपतपुर की छात्राओं ने किया ऐतिहासिक एक्सपोज़र विजिट, रामनगर किला से लीलौर झील तक जानी गौरवगाथा

ओमकार गंगवार,मीरगंज (बरेली)

बरेली जनपद के विकास क्षेत्र मीरगंज के पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय चुरई दलपतपुर की कक्षा 6 से 8 तक की छात्राओं ने शैक्षिक उन्नयन के उद्देश्य से एक ऐतिहासिक एक्सपोज़र विजिट का आयोजन किया। इस शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत छात्राओं ने रामनगर स्थित प्राचीन पांडव किला, दिगंबर जैन संप्रदाय के मंदिरों, लीलौर झील तथा रामगंगा तट पर स्थित कैलाश गिरी बाबा की मढ़ी का भ्रमण कर क्षेत्र के गौरवशाली अतीत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।


भ्रमण की शुरुआत रामनगर स्थित प्राचीन पांडव किले से हुई। यहां विद्यालय के सहायक अध्यापक डॉ. रोहिताश कुमार गंगवार ने छात्राओं को किले के ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि यह क्षेत्र महाभारत काल में द्रौपदी के पिता राजा द्रुपद की राजधानी माना जाता है। उन्होंने छात्राओं को यह भी बताया कि समीपवर्ती क्षेत्र गुरुगांव पांडवों द्वारा अपने गुरु द्रोणाचार्य को गुरु दक्षिणा स्वरूप प्रदान किया गया था। इस ऐतिहासिक संदर्भ ने छात्राओं में विशेष जिज्ञासा उत्पन्न की और उन्होंने इतिहास से जुड़े अनेक प्रश्न भी पूछे।


इसके पश्चात छात्राओं का दल रामनगर स्थित दिगंबर जैन संप्रदाय से संबंधित प्राचीन जैन मंदिरों में पहुंचा। वहां विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मिश्रा ने जैन धर्म के इतिहास, सिद्धांतों तथा जैन समाज के विभिन्न संप्रदायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं ने मंदिर की स्थापत्य शैली, मूर्तिकला और धार्मिक परंपराओं को निकट से देखा और समझा।

अगला पड़ाव लीलौर स्थित प्रसिद्ध लीलौर झील रहा। यहां छात्राओं को झील के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के बारे में बताया गया। विशेष रूप से यक्ष-युधिष्ठिर संवाद की कथा का उल्लेख करते हुए उन्हें महाभारत कालीन घटनाओं से जोड़कर जानकारी दी गई। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण झील के वातावरण ने छात्राओं को न केवल इतिहास से जोड़ा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया।


भ्रमण के अंतिम चरण में छात्राओं ने रामगंगा नदी के तट पर स्थित कैलाश गिरी बाबा की मढ़ी के दर्शन किए। वहां संत परंपरा और स्थानीय आस्था से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से छात्राओं को क्षेत्रीय सांस्कृतिक धरोहर की जानकारी दी गई।

पूरे एक्सपोज़र विजिट के दौरान छात्राओं का उत्साह, अनुशासन और जिज्ञासा सराहनीय रही। भ्रमण उपरांत विद्यालय में एक मौखिक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए और सीखी गई जानकारियों का पुनरावलोकन किया।


इस शैक्षिक भ्रमण को सफल बनाने में खंड शिक्षा अधिकारी मीरगंज अवनीश कुमार, एआरपी पूनम गंगवार, अरविंद गंगवार तथा सचिन मुरारी शर्मा का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। यह एक्सपोज़र विजिट छात्राओं के लिए न केवल ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ, बल्कि उन्हें अपने क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी बना।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.