मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने शनिवार को बरसाना में आयोजित होने वाली विश्वप्रसिद्ध लड्डू होली और लठामार होली की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि मंदिरों तक जाने वाले सभी मार्गों की उत्कृष्ट साज-सज्जा की जाए तथा दीवारों पर थीम आधारित वॉल पेंटिंग कराई जाए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण मेला क्षेत्र रंग-बिरंगी लाइटिंग से जगमग होना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माहौल का अद्भुत अनुभव मिल सके। अधिकारियों ने रंगीली चौक, कटारा चौक, लाडो गेट, सुदामा चौक और श्री राधा रानी मंदिर को जोड़ने वाले मार्गों और प्रवेश-निकास द्वारों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अवैध होर्डिंग हटाने, ट्रांसफार्मरों और विद्युत खंभों पर प्लास्टिक रैपिंग कराने तथा प्रमुख स्थलों को झालरों और फसाड से आकर्षक बनाने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने ड्रेन की सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए सिंचाई विभाग को व्यापक स्तर पर त्वरित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रंगीली चौक पर विशेष थीम पेंटिंग और सीढ़ियों के आसपास सजावटी कार्य कराने की बात कही गई।
प्रशासन ने बरसाना मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। वहीं पुलिस उपमहानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर नए कैमरे स्थापित किए जाएंगे तथा ड्रोन से भी मेला क्षेत्र की नियमित समीक्षा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई और श्रद्धालुओं को सरल, सुगम एवं सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने को प्रशासन की प्राथमिकता बताया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि इस बार बरसाना की होली और भी भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार होगी।