भारतीय जनता पार्टी शहर विधानसभा द्वारा केंद्रीय बजट पर परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन डीडी पुरम स्थित अर्बन कोऑपरेटिव बैंक सभागार में किया गया। मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है। बजट इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, कृषि और युवाओं को सशक्त बनाने की स्पष्ट रणनीति प्रस्तुत करता है।
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि मध्यम वर्ग को राहत देने का प्रयास इस बजट की प्रमुख विशेषता है। महिलाओं के सशक्तिकरण, निर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने और उद्योग जगत को प्रोत्साहन देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा घोषित ₹10,000 करोड़ का MSME ग्रोथ फंड छोटे और मध्यम उद्यमों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। इससे उन्हें वित्तीय सहायता मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इसके अतिरिक्त व्यापारियों को सस्ते ऋण की सुविधा और जीएसटी प्रक्रियाओं के सरलीकरण का भी स्वागत किया गया। आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए ₹4,000 करोड़ के आत्मनिर्भर फंड की घोषणा को भी महत्वपूर्ण बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन प्रावधानों से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय उद्योगों को मजबूती प्राप्त होगी।
सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भी पर्याप्त महत्व दिया गया है, जिससे समाज के सभी वर्गों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बजट को संतुलित, विकासोन्मुख और जनहितकारी बताया।
परिचर्चा का संचालन प्रितेश पांडे ने किया। कार्यक्रम में अनिल कुमार एडवोकेट, मनीष अग्रवाल, संयोजक विष्णु अग्रवाल, बंटी ठाकुर, रेखा श्रीवास्तव, पवन अरोड़ा, रोहित जिंदल, रामकृष्ण शुक्ला, अनिल अग्रवाल, दीपक द्विवेदी, शोभित सक्सैना, विशाल मल्होत्रा, सुदेश अग्रवाल, सुरेंद्र रस्तोगी, परमजीत सिंह, सुनील खत्री सहित महानगर पदाधिकारी और पार्षद उपस्थित रहे।