थाना मूसाझाग क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत गुलड़िया स्थित नए भट्ठे पर संचालित श्री शिव वालाजी ट्रेडिंग कम्पनी में बीते दिनों चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। पीड़ित व्यापारी संजीव गुप्ता, पुत्र मुन्ना लाल गुप्ता, निवासी मचलई थाना मूसाझाग, जिला बदायूं ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
संजीव गुप्ता के अनुसार उनकी गल्ला आढ़त नगर पंचायत गुलड़िया के नए भट्ठे पर संचालित है। पहली घटना 5/6 फरवरी 2026 की मध्य रात्रि की है, जब अज्ञात चोर 20 कट्टे सरवती धान चोरी कर ले गए। उस समय सीसीटीवी कैमरों में चोरों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी, जिसके चलते उन्होंने तत्काल थाने में सूचना नहीं दी।
इसके बाद दूसरी घटना 13 फरवरी 2026 की रात लगभग 3:37 बजे से 3:55 बजे के बीच हुई। इस दौरान अज्ञात चोर एक टेम्पू में 20 कट्टे सरवती धान लादकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर संजीव गुप्ता ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें दो अज्ञात व्यक्ति स्पष्ट रूप से धान के कट्टे उठाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने थाना मूसाझाग में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस से अपेक्षा की जा रही है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।