Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News : वार्षिकोत्सव में नन्हीं प्रतिभाओं की चमक, ‘अनुशासन ही सफलता की कुंजी’—बीईओ अवनीश कुमार

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 17, 2026

Bareilly News : वार्षिकोत्सव में नन्हीं प्रतिभाओं की चमक, ‘अनुशासन ही सफलता की कुंजी’—बीईओ अवनीश कुमार

ओमकार गंगवार,मीरगंज(बरेली)

बरेली जनपद के मीरगंज  वीआरसी कार्यालय परिसर स्थित पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को वार्षिकोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अवनीश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।


विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट और बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, एकांकी नाटक, गीत और नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का दिल जीत लिया। विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण, बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ जैसे सामाजिक संदेशों पर आधारित प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया। दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट ने बच्चों का उत्साह दोगुना कर दिया।

खंड शिक्षा अधिकारी अवनीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं की किसी भी क्षेत्र में कमी नहीं होती, आवश्यकता केवल उन्हें पहचानकर सही दिशा देने और तराशने की होती है।

विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक गंगा सिंह ने बच्चों को जीवन में हर परिस्थिति में प्रसन्न रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच से बड़ी से बड़ी कठिनाइयों पर विजय पाई जा सकती है।

ग्राम प्रधान अर्पणा देवी ने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र का पहला विद्यालय है जहां इस प्रकार का भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने अन्य विद्यालयों से भी ऐसे आयोजनों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा अधिकारी डा. वंशिका ने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियों ने उन्हें अपना बचपन याद दिला दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं और अनुशासन व परिश्रम से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।

विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मिश्रा ने वर्तमान शैक्षणिक सत्र की प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए आगामी योजनाओं की जानकारी अभिभावकों को दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रोहिताश कुमार गंगवार एवं मानसी अग्रवाल ने प्रभावशाली ढंग से किया।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.