दिल्ली से बरेली आ रही एक कार को मीरगंज थाना क्षेत्र के सिंधौली चौराहे के पास गन्ने से लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक मीरगंज स्थित चीनी मिल से गन्ना डालकर लौट रहा था। इसी दौरान सिंधौली चौराहे के पास सामने से आ रही कार को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया।