जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
जनपद बरेली के मीरगंज में संचालित राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज में भारत सरकार द्वारा संचालित यातायात सड़क सुरक्षा माह (फरवरी) के अंतर्गत बुधवार को महाविद्यालय परिसर में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० एस. के. सिंह के निर्देशन में सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ० मोहम्मद आतिफ खान (सड़क सुरक्षा) ने किया। भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आपात स्थिति में घायलों की सहायता के प्रति जागरूक और प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत कर सुरक्षित यातायात की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर प्रोफेसर विजय बहादुर बिष्ट, डॉ० मनोज कुमार शर्मा, डॉ० आलोक त्रिपाठी, डॉ० शिव प्रताप सिंह (प्रभारी, रोवर एवं रेंजर्स), बी.के. पद्मान, वीरेंद्र शर्मा सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।