जनपद बरेली के थाना अलीगंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव अंतपुर निवासी आमीन पुत्र शेर मोहम्मद अपने गांव के ही साथी पिंटू के साथ मोटरसाइकिल से आंवला स्थित चाचा नेहरू इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहा था। रास्ते में लोहड़ी पुल के पास सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने आमीन को मृत घोषित कर दिया।
घटना में आमीन का साथी पिंटू घायल है, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।