क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) बरेली में वन टाइम टैक्स जमा करने को लेकर परेशान वाहन मालिकों को राहत मिली है। लंबे समय से बकाया टैक्स और भारी पेनल्टी के कारण वाहन मालिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
इस संबंध में आरटीओ पंकज सिंह ने बताया कि कई वाहन मालिक आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण टैक्स जमा नहीं कर पा रहे थे। कई वाहनों पर एक से डेढ़ लाख रुपये तक की राशि बकाया थी, जिससे लोगों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया था।
समस्या को देखते हुए आरटीओ कार्यालय में वाहन मालिकों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें उनकी परेशानियां सुनी गईं और समाधान पर चर्चा की गई। बैठक के बाद शासन की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि बकाया टैक्स पर लगने वाली पेनल्टी में 25 प्रतिशत की कटौती की जाएगी। इससे वाहन मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
आरटीओ के अनुसार जिन वाहनों का टैक्स एक वर्ष या उससे अधिक समय से बकाया है, उनके मालिक अब किस्तों या चरणबद्ध तरीके से भी भुगतान कर सकेंगे। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक बरेली में वाहन मालिकों पर लगभग एक से डेढ़ करोड़ रुपये तक का टैक्स बकाया है।
शासन का उद्देश्य है कि इस राहत से अधिक से अधिक लोग अपना बकाया टैक्स जमा करें, जिससे राजस्व संग्रह भी बढ़ सके और वाहन मालिकों को राहत मिल सके।