बरेली जिले के थाना अलीगंज पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 820 ग्राम अवैध अफीम, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और एक बाइक भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक वीर सिंह, उपनिरीक्षक प्रवीण गौतम, हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह और कांस्टेबल नकुल भाटी क्षेत्र में आगामी त्योहारों के मद्देनज़र गश्त कर रहे थे। इसी दौरान चंदनपुर से पहले कब्रिस्तान के पास पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए रात करीब 10:05 बजे उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम लाल सिंह निवासी लक्ष्मणपुर मजरा रामनगर थाना आंवला और दीपांशु निवासी रामनगर थाना आंवला बताए। तलाशी लेने पर उनके पास से 820 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वे किसी अज्ञात व्यक्ति से सस्ते दामों पर अफीम खरीदकर उसे महंगे दामों पर बेचते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।