Tuesday, March 31, 2026

ताज महोत्सव में प्रकृति का जादू, पुष्प प्रदर्शनी ने जीता दिल

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 20, 2026

ताज महोत्सव में प्रकृति का जादू, पुष्प प्रदर्शनी ने जीता दिल

जागरण टुडे, आगरा

आगरा में ताज महोत्सव के साथ आयोजित 74वीं मंडलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी ने प्रकृति के रंगों से सजे इंद्रधनुष का अद्भुत नजारा पेश किया है। टाटा ग्राउंड, फतेहाबाद रोड पर 20 से 22 फरवरी तक चलने वाली इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में फूलों, फलों और सब्जियों की मनमोहक सजावट दर्शकों को आकर्षित कर रही है।


प्रदर्शनी का उद्घाटन आयुक्त, आगरा मंडल, श्री नगेन्द्र प्रताप (आईएएस) ने किया। उन्होंने कहा कि पुष्प प्रकृति की अनुपम देन हैं और ऐसे आयोजन पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यटन को भी प्रोत्साहित करते हैं। ताज महोत्सव के साथ आयोजित यह प्रदर्शनी देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उद्घाटन अवसर पर उद्यान स्मारिका का विमोचन भी किया गया।


प्रदर्शनी में कुल 2575 उत्कृष्ट नमूने प्रदर्शित किए गए हैं। करीब 45 प्रजातियों के मौसमी फूलों ने पूरे परिसर को रंगीन बना दिया है। बहुरंगी सिनरेरिया का गमला समूह विशेष आकर्षण का केंद्र है, जबकि विभिन्न रंगों और आकारों की डहेलिया भी दर्शकों को खूब लुभा रही हैं। गेंदा, गुलाब, डहेलिया समेत कई अन्य प्रजातियों का अनूठा संकलन प्रदर्शनी की शोभा बढ़ा रहा है।


फूलों की सजावट के साथ-साथ गुलदस्ते, मालाएं, बुके और सजे हुए गमले कलात्मक अंदाज में प्रस्तुत किए गए हैं। ब्रज थीम पर पुष्पों से सुसज्जित मॉडल और रंगोली भी दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। पशुपालन विभाग ने भी अपना स्टाल लगाकर जानकारीपूर्ण प्रदर्शन किया है।


शाकभाजी पंडाल में ब्रोकली, बेबीकॉर्न, मशरूम, कद्दू, गोभी, बैंगन, टमाटर और मटर जैसी सब्जियों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया है। फलों में बेर, पपीता, अमरूद, संतरा और चाइना ऑरेंज ने भी दर्शकों को आकर्षित किया। गमलों में उगाई गई सब्जियों के माध्यम से गृहवाटिका की प्रेरक झलक भी प्रस्तुत की गई है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की उद्यान शाखा ने बोन्साई और औषधीय पौधों का विशेष पंडाल सजाया है।


अधीक्षक राजकीय उद्यान रजनीश पांडेय और उपनिदेशक उद्यान मुकेश कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में मंडल के 1140 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सर्वोत्तम पुष्प गमला समूह का पुरस्कार सिनरेरिया के लिए राजकीय उद्यान टैंक नंबर-4 को मिला। सर्वोत्तम डहेलिया और सर्वोत्तम फोलियेज गमला समूह का पुरस्कार राजकीय उद्यान जंगीखान, आगरा को प्रदान किया गया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.