जागरण टुडे, बरेली
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने की।
बैठक में विगत माह सांसद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालन रिपोर्ट पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थलों पर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ऐसे जिलों में, जहां सड़क हादसे अधिक होते हैं, वहां क्रेन और एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है।
परिवहन विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि पेट्रोल पंप, टोल प्लाजा और प्रमुख मार्गों पर संकेतक बोर्ड, होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं ताकि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके। रात्रि में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भारी वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं, जिससे दृश्यता बेहतर हो सके।
बैठक में बताया गया कि सड़क सुरक्षा माह 28 फरवरी तक मनाया जा रहा है और इसके तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के साथ-साथ घरों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संतोष कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भगत सिंह, परिवहन विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।