जन समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को बरेली जिले की मीरगंज तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने की। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तथा पारदर्शी तरीके से उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग से अवैध कब्जा, भूमि पैमाइश और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। इसके अलावा खाद्य एवं रसद विभाग से राशन कार्ड संबंधी समस्याएं, नगर पंचायत से साफ-सफाई और रास्ता निर्माण से जुड़े मामले, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और इसके लिए फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव है, उनमें मौके पर ही निर्णय लेकर राहत प्रदान की जाए।
समाधान दिवस के दौरान ग्राम धन्तिया (खुदा गंज), ब्लॉक मीरगंज निवासी सूरजपाल ने गांव के रास्ते को ठीक कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को क्रिटिकल गैप फंड के माध्यम से मार्ग निर्माण कराने के निर्देश दिए। वहीं तहसील मीरगंज के अधिवक्ताओं के चैंबर तक जाने वाले मार्ग की मरम्मत के लिए भी प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर नगर पंचायत मीरगंज के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ग्राम ठिरिया बुजुर्ग से आए एक शिकायतकर्ता ने अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को धारा 24 के अंतर्गत वाद दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऐसे मामलों में कानून के अनुसार शीघ्र कार्रवाई की जाए ताकि लोगों को न्याय मिल सके।
तहसील दिवस के दौरान कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 09 शिकायतों पर मौके पर ही सुनवाई कर आवश्यक निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि समाधान दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम न होकर जनता की समस्याओं के वास्तविक समाधान का माध्यम बने।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विश्राम सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, तहसीलदार मीरगंज सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और लोगों की समस्याओं को सुना।