शनिवार को बरेली जिले की मीरगंज तहसील मरण आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मीरगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। इस दौरान अस्पताल में सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी पर उपस्थित मिले।
सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, कोल्ड चेन कक्ष, औषधि वितरण कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित मिलीं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के समय ओपीडी में चिकित्सकों द्वारा मरीजों का नियमित रूप से उपचार किया जा रहा था। सीएमओ ने मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अस्पताल स्टाफ को साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।
इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वैभव राठौर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैभव मिश्रा, डॉ. सुरेंद्र कुमार पाल, डॉ. मेहुल कुमार और डॉ. वंशिका गंगवार मौजूद रहे। इसके अलावा ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक पुनीत सक्सेना, बीसीपीएम प्रेमपाल, आईओ धनेश्वर गिरी, हरिशंकर, हिमांशु गुप्ता और दुर्गेश मिश्रा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।
निरीक्षण के अंत में सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।