राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज, मीरगंज (बरेली) में प्राचार्य प्रो. एस. के. सिंह के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर के पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में मीरगंज पुलिस स्टेशन से एसआई पंकज कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों को साइबर सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
एसआई पंकज कुमार ने एनएसएस स्वयंसेवकों को यूपी के टोल फ्री नंबर 112 तथा ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं, जिनसे बचने के लिए जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। इनमें मोबाइल और कंप्यूटर में मजबूत पासवर्ड का उपयोग करना, अनजान लिंक या मैसेज पर क्लिक न करना और अपनी व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखना शामिल है।
इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर रत्नाकर दुबे, विजय कुमार, शिव प्रताप सिंह, वीरेंद्र शर्मा तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बी. के. प्रधान मौजूद रहे। कॉलेज के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया और साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बी. के. प्रधान ने कहा कि साइबर सुरक्षा आज के समय का महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपील की कि वे इस जानकारी को समाज तक पहुंचाकर लोगों को साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक करें।