जनपद बदायूं के थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम धीमरी निवासी महेंद्र पुत्र शिव सहाय की खेत पर बनी झोपड़ी में शुक्रवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। घटना रात करीब 11:39 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया और एक बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई।
पीड़ित महेंद्र ने बताया कि वह घटना के समय झोपड़ी के अंदर ही लेटे हुए थे। अचानक धुआं और लपटें उठती देख उन्होंने किसी तरह जान बचाकर बाहर भागकर अपनी जान बचाई। आग की चपेट में झोपड़ी में बंधा एक गाय का बछड़ा जिंदा जल गया। इसके अलावा दो मोटरसाइकिलें (नंबर UP24 DK8392 व HT063121), एक साइकिल और अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही महेंद्र के भतीजे अवदेश पुत्र सुरेश तथा उनकी भाभी संतों मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। आग बुझाने के दौरान अवदेश और संतों भी आंशिक रूप से झुलस गए, जिनका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।
महेंद्र के अनुसार आग लगने से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की भी अपील की है।
गांव में इस घटना के बाद दहशत और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सहायता मिलती तो शायद नुकसान कम हो सकता था।