होली बुधवार को मनाई जाएगी। जिले के लोगों से अपेक्षा की गई है कि वह बेखौफ होकर कानून-व्यवस्था के दायरे में रहकर होली का त्योहार मनाएं। खुराफातियों और बवालियों पर नजर रखने के लिए पुलिस को पूरी तरह से अलर्ट रहते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी ने साफ संदेश दिया है कि अगर होली पर किसी ने भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो पुलिस उसके साथ सख्ती से निपटेगी। जिले में करीब 6 हजार लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है, जबकि 500 से अधिक लोगों पर मिनी गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने शहर से लेकर देहात तक अलग अलग टीमें गठित की हैं। जिले में 3 हजार से अधिक जगह पर होलिका दहन होता है। साथ ही बड़ी संख्या में जुलूस निकलते हैं। होली को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए चार एडिशनल एसपी, 10 सीओ, 29 थाना प्रभारी, 32 इंस्पेक्टर, 580 सब इंस्पेक्टर, 1522 हेड कांस्टेबल, पीएसी और आरएएफ के अलावा होमगार्ड को भी सुरक्षा में लगाया गया है। वहीं पूरे जिले में 169 क्यूआरटी का गठन किया गया है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने जिले के लोगों से अपील करते हुए कहा कि शांति के साथ होली का त्योहार मनाएं। कहा कि अगर किसी ने होली पर खुराफात या हुड़दंग करने का प्रयास किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। होली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए एसएसपी के निर्देश पर शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में ड्रोन उड़ाकर छतों की तलाशी ली गई थी। जहां पर पत्थर दिखे थे, वहां से हटवा दिए गए थे।
डीएम ने होली पर निगरानी के लिए तैनात किए मजिस्ट्रेट
जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट और अपर नगर मजिस्ट्रेट को शहर के प्रमुख थाना क्षेत्रों जैसे प्रेमनगर, कोतवाली, किला, बारादरी, सुभाषनगर और इज्जतनगर में शांति व्यवस्था की निगरानी के लिए ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा सभी उप जिलाधिकारियों को अपनी-अपनी तहसीलों के थाना क्षेत्रों में सतर्क रहने और निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस बल को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
आगजनी और अन्य आकस्मिक घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को चौबीस घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। अग्निशमन गाड़ियों को आवश्यक स्थानों पर व्यवस्थित किया गया है। डीएम अविनाश सिंह ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि होली खेलते समय बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। कहा कि संयम और सावधानी के साथ ही पर्व का आनंद लिया जा सकता है। प्रशासन का यह प्रयास है कि जिले में होली का त्योहार पूरी शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो।